4000 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में बनेगा 400 मीटर का 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक
रायपुर, 17 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय कांकेर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है।
क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत कांकेर के सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर करीब 4000 दर्शक क्षमता वाले बहुउद्देश्यीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
खेल सुविधाओं से होगा सुसज्जित
स्वीकृत राशि से स्टेडियम परिसर में 400 मीटर का 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे। इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूरे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में निविदा प्रक्रिया पूरी करने और निर्माण कार्य में मितव्ययिता बरतने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अनुबंधित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने पर जोर दिया गया है।
अनावश्यक समय वृद्धि पर रोक
विभाग ने निर्माण कार्य की अवधि बढ़ाने के मामलों में भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी। निर्धारित अवधि से अधिक समय लगने की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड लगाने का प्रावधान भी लागू रहेगा।