कांकेर | 15 सितंबर 2026
कांकेर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनकी तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअली जुड़े।
गांधी जयंती पर स्कूलों में चलेगा स्वच्छता जागरूकता अभियान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर जिले के सभी स्कूलों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाए और उन्हें स्वच्छता की शपथ दिलाई जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को केवल स्वयं स्वच्छ रहने तक सीमित न रखते हुए अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उप मुख्यमंत्री ने सभी गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
बैठक में हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, महेश जैन, बृजेश चौहान, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि और अभियान से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
सत्यधारा 24 वेब पोर्टल के लिए
