सत्यधारा 24 | नेशनल डेस्क
नई दिल्ली | 28 सितंबर 2026
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल टाल दी गई है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को स्थगित करने पर सहमति बनी।
UFBU की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। समिति बचे हुए शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों, खासकर ग्राहकों, से चर्चा कर समाधान तलाशेगी।
PLI समेत लंबित मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में Performance Linked Incentive (PLI) योजना को लेकर भी चर्चा पर सहमति बनी है। Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़े PLI में प्रस्तावित बदलावों पर यूनियनों के साथ बातचीत की जाएगी। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के बैठक विवरण में दर्ज लंबित मुद्दों को भी जल्द सुलझाने की बात कही गई है।
आज बैंक खुलेंगे
हड़ताल स्थगित होने के बाद 28 सितंबर से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है। प्रस्तावित हड़ताल पहले 28 से 30 सितंबर तक होनी थी और इससे बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने की आशंका थी।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सभी शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित कर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। फिलहाल बैंक दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं।
सत्यधारा 24 | satyadhara24.in
