सड़कों-पुलों से लेकर ‘हर घर जल’ तक समीक्षा, नगरीय निकायों के कामों में तेजी लाने के निर्देश

रायपुर/बीजापुर, 11 सितंबर 2026। बीजापुर जिले में विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत और निर्माणाधीन कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक फायदा आम नागरिकों और ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए।

पुल और सड़क निर्माण में तेजी पर जोर

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने जिले में चल रहे सड़क, पुल, शासकीय भवन और अन्य अधोसंरचना कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए।

फुंडरी में निर्माणाधीन पुल की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि काम अंतिम चरण में है। उप मुख्यमंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा कर पुल को आवागमन के लिए उपलब्ध कराने को कहा।

वहीं बेदरे में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल के संबंध में अधिकारियों ने रिटेंडर प्रक्रिया पूरी होने और वर्क ऑर्डर जारी किए जाने की जानकारी दी। श्री साव ने कार्य को गति देने के निर्देश दिए। इसके अलावा बासागुड़ा में तालपेरु नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल सहित जिले के अन्य पुल-पुलियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

‘हर घर जल’ की हकीकत पर निगरानी के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने ‘हर घर जल’ योजना की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना की सफलता का वास्तविक पैमाना यही है कि पात्र परिवारों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।

उन्होंने अधूरी जलापूर्ति योजनाओं को शीघ्र पूरा करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने और योजनाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगरीय कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी, युवाओं को खेल से जोड़ने पर जोर

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही से बचने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री स्वनिधि और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में श्री साव ने बीजापुर में बने अनुकूल वातावरण का लाभ बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने में लेने पर जोर दिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने, गांव-गांव खेल गतिविधियां बढ़ाने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पीटीआई तथा प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में विकास कार्यों की गति के साथ उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता भी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे सहित संबंधित विभागों के संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सत्यधारा 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *