सत्यधारा 24

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर में चार विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

रायपुर, 21 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में श्री साव ने नगरीय निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। कार्यों की धीमी प्रगति और शुरुआत में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

नालंदा परिसरों का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, जल आवर्धन योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण और संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनर्जी बिल ऑडिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को शीघ्र शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से नागरिकों को सुगम आवागमन मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

जल जीवन मिशन के कार्यों पर विशेष जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर की जा चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन तथा नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को व्यापक रूप से बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के आयोजन से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।

नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर समन्वय जरूरी है।

उन्होंने कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं और कार्यों के निराकरण की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। ऐसे में उनके प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया रखते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *