14 अगस्त 2026 | लोरमी

लोरमी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगे लोरमी विधानसभा क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। युवा मोर्चा, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सहभागिता से निकली इस यात्रा में जगह-जगह भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे।

मोटरसाइकिलों पर हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान गांवों की गलियों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।

14 गांवों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुराना बस स्टैंड, तहसील चौक और झंझपुरी से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। यात्रा डोंगरिया, उरईकछार, अखरार, सारिसताल, धनियाडोली, अमलडीही, गोड़खाम्ही और बोड़तराकला सहित विभिन्न गांवों से होते हुए हरदी, खेकतरा और खैरवार के रास्ते दाऊकापा पहुंची।
यात्रा के दौरान लहराते तिरंगों के बीच ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया।

लोरमी नगर में भी देशभक्ति का माहौल

लोरमी नगर में मानस मंच से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो मुंगेली चौक, हटरी चौक, नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक और पुराना बस स्टैंड होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान पूरा नगर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

दाऊकापा में यात्रा के समापन अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। एक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाएगा तो देश 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा।

बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता

तिरंगा यात्रा में लोरमी प्रभारी ज्योतिनंदन दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काटले, अनिता साहू, धनीराम यादव, प्रदीप मिश्रा, रवि शर्मा, रामेश्वर बंजारे, अरुण ध्रुव, गुरमीत सलूजा, कोमल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, राजेंद्र साहू, दिनेश कश्यप, लेखराज सिंह, धनेंद्र राजपूत, तामेश्वर साहू, उत्तम साहू, अभिषेक पाठक सहित भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद, एल्डरमैन, सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण यात्रा में सहभागी बने।


सत्यधारा 24 | देश-दुनिया की सच्ची और विश्वसनीय खबरों के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *