सेवा संकल्प अभियान में विकास कार्यों की सौगात, शहर के लिए 4 बड़े प्रोजेक्ट भी घोषित




रायगढ़, 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी भी सौंपी गई.
शहर के लिए चार बड़े ऐलान, बाजार से मरीन ड्राइव तक विकास
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायगढ़ शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त बड़े कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान में विकास, मंच और पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए तथा केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल हैं।
साव ने कहा कि रायगढ़ को विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से काम किया जा रहा है। सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की सूची भी प्राप्त हुई है, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की बात कही गई।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ढाई साल में नगर निगम को 384.66 करोड़ की स्वीकृति का दावा
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1,426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
चौधरी ने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन सहित कई सड़क परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है। उन्होंने तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
इसके अलावा रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की जानकारी भी दी गई।
औद्योगिक शहर की पहचान के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ की औद्योगिक पहचान को ध्यान में रखते हुए शहर और जिले के अधोसंरचना विकास को मजबूत किया जा रहा है। वहीं अरुण साव ने रायगढ़ की औद्योगिक गतिविधियों के साथ उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी विकास की योजना में शामिल करने की बात कही।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित जिला एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
