
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का युवाओं से एकजुट भारत के निर्माण का आह्वान | बीजापुर से ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी जन-जागरण
रायपुर, 14 अगस्त 2026। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने देश के विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी से इतिहास की पीड़ा और उससे मिली सीख को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की भयावहता केवल अतीत का एक अध्याय नहीं है, बल्कि यह हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को हर परिस्थिति में मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
श्री शर्मा ने कहा कि देश के विभाजन के दौरान करोड़ों लोगों को विस्थापन, हिंसा, पीड़ा और संघर्ष का सामना करना पड़ा। यह इतिहास हमें चेताता है कि समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना कितना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इतिहास को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर मजबूत, शांतिपूर्ण और एकजुट भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। देश की एकता को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसी संकल्प के साथ हमें भविष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
साइबर अपराध के खिलाफ बीजापुर से जन-जागरण की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने बीजापुर से छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ किया। प्रदेश में यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सावधानी और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।
श्री शर्मा ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में जागरूकता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ‘साइबर जागृति’ अभियान के साथ ली गई एक सेल्फी भी केवल तस्वीर नहीं, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश बनेगी। उन्होंने नागरिकों से अभियान से जुड़ने, सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
शांति, सुरक्षा और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश की एकता और अखंडता के महत्व को समझने का अवसर है। इतिहास की त्रासद घटनाओं से सीख लेते हुए समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज सशस्त्र माओवाद के प्रभाव को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक चरण में है। सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में स्थायी शांति स्थापित कर विकास की मुख्यधारा को गति देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ श्री सागर जाधव, उपनिदेशक इंद्रावती टाइगर रिजर्व श्री संदीप बलगा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशवासियों से ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुड़ने, डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे इस प्रदेशव्यापी जन-जागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
