उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शौर्य वाटिका का भूमिपूजन, 78.96 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण

रायपुर, 21 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शहीद जवानों की वीरता और बलिदान को यादगार बनाने के लिए शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।

लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों ने स्मृति वृक्ष लगाए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीदों की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित कर पौधरोपण की शुरुआत की।

78.96 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने करीब 78.96 लाख रुपए की लागत से पूर्ण विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण और शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड, आहता और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शहीदों के बलिदान से बस्तर में शांति की राह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचना मुश्किल था, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज उन क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकल रही हैं, जहां कभी जाना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि शौर्य वाटिका में शहीदों और उनके परिवारों के नाम पर लगाए जा रहे पौधे आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और शौर्य की याद दिलाएंगे।

योजनाबद्ध विकास पर जोर

विजय शर्मा ने कहा कि सोनपुर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति देने की बात कही। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से गांव के विकास को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेन्द्र कोशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *