भिलाई। 15 अगस्त 2026। दुर्ग जिले में देशभक्ति, उत्साह और गौरव के वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह प्रथम बटालियन ग्राउंड, भिलाई में आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के बाद उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह

मुख्य समारोह में परेड निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के साथ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल मौजूद रहे। परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, नगर सेना, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर वर्ग, रेडक्रॉस सहित विभिन्न दलों ने भाग लिया।

परेड के दौरान हर्ष फायर के साथ राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। उप मुख्यमंत्री ने परेड में शामिल प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त कर जवानों का उत्साहवर्धन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और पारंपरिक गीतों पर मनमोहक सामूहिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा, सेजेस खम्हरिया, डीपीएस रिसाली, श्री शंकरा विद्यालय भिलाई और विज्ञान विकास केन्द्र दुर्ग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विज्ञान विकास केन्द्र दुर्ग ने प्रथम, डीपीएस रिसाली ने द्वितीय और सेजेस खम्हरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं मास पी.टी. प्रदर्शन के लिए श्री शंकरा विद्यालय भिलाई को सम्मानित किया गया।

मार्चपास्ट और परेड में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

मार्चपास्ट में एनसीसी सीनियर बालक वर्ग ने प्रथम, एनसीसी सीनियर बालिका वर्ग ने द्वितीय और रेडक्रॉस ने तृतीय स्थान हासिल किया।

परेड प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष वर्ग प्रथम, सीमा सुरक्षा बल द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला वर्ग तृतीय स्थान पर रहा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता बंजारे, अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी, नगर निगम दुर्ग के प्रभारी आयुक्त श्री मोहेन्द्र साहू, रिसाली नगर निगम आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दुर्ग में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने देशभक्ति, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया। पूरे आयोजन में तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखते ही बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *